हरदोई: जौनपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग

हरदोई जनपद में अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता परिषद के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता शिव सेवक गुप्त ‘जय शिव’ के नेतृत्व में जौनपुर में अधिवक्ता सच्चिदानंद मिश्रा की निर्मम हत्या के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रेषित किया गया।

हरदोई: जौनपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता परिषद के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता शिव सेवक गुप्त जय शिवके नेतृत्व में जौनपुर में अधिवक्ता सच्चिदानंद मिश्रा की निर्मम हत्या के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में प्रमुख मांगों में उत्तर प्रदेश सरकार से तत्काल विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की गई।

साथ ही जौनपुर में मृतक अधिवक्ता सच्चिदानंद मिश्रा के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द से जल्द दोषियों को सजा दिलाने की मांग उठाई गई।

इसके अतिरिक्त अधिवक्ताओं ने शिक्षक एमएलसी की तर्ज पर मंडलवार अधिवक्ता एमएलसी चुनाव का प्रावधान सुनिश्चित करने, बुजुर्ग अधिवक्ताओं के लिए स्वास्थ्य सुविधा एवं क्लेम की व्यवस्था करने तथा जूनियर अधिवक्ताओं को 5000 रुपये मासिक सहायता देने की मांग भी रखी।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं को आयुष्मान कार्ड एवं किसान सम्मान निधि योजना में शामिल करने तथा शासकीय अधिवक्ताओं का मानदेय बढ़ाकर कम से कम 1 लाख रुपये प्रतिमाह करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सेवक गुप्त ने कहा कि प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में अधिवक्ताओं और उनके परिजनों के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्याय के प्रहरी अधिवक्ताओं की लगातार हत्याएं होना बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने 17 मार्च 2026 को जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में हुई सच्चिदानंद मिश्रा की हत्या का जिक्र करते हुए बताया कि मृतक ने पहले ही अपनी सुरक्षा को लेकर शिकायत दी थी, लेकिन उसके बावजूद उनकी हत्या कर दी गई।