औरैया के सहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

उप्र के औरैया जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

औरैया के सहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस टीम ने सोमवार तड़के कार्रवाई करते हुए दो शातिर अंतरजनपदीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम 516 ग्राम गांजा, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना सहार पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 13 जुलाई 2026 को प्रातः लगभग 1:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पटना नहर पुल से ग्राम मझपुर्वा की ओर कुछ संदिग्ध युवक मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उनके पास से 10 किलो 516 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राहुल सिंह (20 वर्ष) पुत्र मुलायम सिंह, निवासी समनापुर, कवर्धा (छत्तीसगढ़), हाल पता ग्राम सिथरा रामपुर थाना भोगनीपुर जनपद कानपुर देहात तथा प्रियांशू (19 वर्ष) पुत्र सुरेन्द्र सिंह, निवासी सिथरा रामपुर थाना भोगनीपुर जनपद कानपुर देहात के रूप में बताई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया। इसके अलावा एक आईफोन-11 (काला रंग) तथा एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

बरामदगी के आधार पर थाना सहार में मु0अ0सं0 47/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 

इस सफल कार्रवाई को थाना सहार के थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल विनोद कुमार, राकेश चौधरी एवं विचित्र प्रताप सिंह शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और समाज में सुरक्षित वातावरण कायम रहे।