सावन को लेकर हरदोई पुलिस अलर्ट, राजघाट से मंदिरों तक कड़ी सुरक्षा; 12 फीट से ऊंचे डीजे पर रोक
उप्र के हरदोई जनपद में आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह को लेकर हरदोई पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह को लेकर हरदोई पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि सावन के चारों सोमवार पर जिले में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए राजघाट समेत सभी प्रमुख घाटों, कांवड़ मार्गों और मंदिरों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
एसपी ने बताया कि जनपद के राजघाट सहित सभी घाटों पर गोताखोरों और फ्लड पीएसी की तैनाती की गई है। बैरिकेडिंग, चेतावनी संबंधी साइनेज और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कांवड़ मार्गों पर होल्डिंग एरिया और ट्रैफिक डायवर्जन की भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि मार्गों पर मौजूद लोहे के बिजली के खंभों को प्लास्टिक से कवर कराया गया है, जिससे करंट जैसी किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सके। वहीं,कांवड़ मार्गों पर स्थित शराब और मीट की दुकानों के संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश और 'डूज़ एंड डोन्ट्स' बताए गए हैं।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने सीओ ट्रैफिक और सीओ हरपालपुर के साथ सकाहा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।उन्होंने बताया कि प्रमुख मंदिरों और पूरे कांवड़ रूट पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
साथ ही सादा वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि अराजक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। डीजे संचालकों के साथ भी बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
सभी को नोटिस जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। एसपी ने विश्वास जताया कि पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सावन माह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जाएगा।


