हाथरस: सड़क हादसे में पत्रकार की दर्दनाक मौत, परिजनों ने इलाज में देरी का लगाया आरोप

उप्र के हाथरस जनपद से एक दुखद खबर सामने आ रही है। जो कल तक दूसरों की आवाज़ बनकर खबरें दिखाता था, आज उसकी मौत खुद एक बड़ी खबर बन गई।

हाथरस: सड़क हादसे में पत्रकार की दर्दनाक मौत, परिजनों ने इलाज में देरी का लगाया आरोप
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट

हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद से एक दुखद खबर सामने आ रही है। जो कल तक दूसरों की आवाज़ बनकर खबरें दिखाता था, आज उसकी मौत खुद एक बड़ी खबर बन गई।

दरअसल, हाथरस के एक पत्रकार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पत्रकार को टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर लिखे 'प्रेस' और बैग में मिले प्रेस आईकार्ड के आधार पर मृतक की पहचान पत्रकार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी।

राहगीरों ने घायल पत्रकार को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में तत्काल उपचार नहीं मिला और उन्हें सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

उनका कहना है कि इलाज में हुई देरी के कारण पत्रकार की जान नहीं बच सकी। इन आरोपों की जांच की जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

अब सबसे बड़ा सवाल

क्या गोल्डन ऑवर में समय पर इलाज मिलता, तो एक जान बच सकती थी?

क्या सड़क हादसों में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने की व्यवस्था और मजबूत करने की जरूरत है?

और आखिर उस अज्ञात वाहन चालक तक कानून कब पहुंचेगा?

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।