हाथरस: युवती ने धर्म परिवर्तन के बाद हिंदू युवक से की शादी, दंपति ने लगाई सुरक्षा की गुहार
उप्र के हाथरस जनपद की काशीराम कॉलोनी में रहने वाली एक मुस्लिम युवती निशा ने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाकर इसी कॉलोनी के रहने वाले हिंदू युवक विजय के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद की काशीराम कॉलोनी में रहने वाली एक मुस्लिम युवती निशा ने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाकर इसी कॉलोनी के रहने वाले हिंदू युवक विजय के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
शादी के बाद अब प्रेमी दंपति ने युवती के परिजनों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बताया जा रहा है कि निशा और विजय एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे। दोनों ने अपनी इच्छा से विवाह करने का फैसला लिया। युवती का कहना है कि उसने अपनी स्वेच्छा से मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया और इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विजय के साथ शादी की है।
शादी के बाद दोनों को युवती के परिजनों की ओर से कथित तौर पर धमकियां मिलने लगीं। इससे भयभीत प्रेमी दंपति ने पुलिस-प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
वहीं, अधिवक्ता मुकेश चतुर्वेदी के माध्यम से प्रेमी युगल द्वारा एक शपथ पत्र भी तैयार कराया गया है। शपथ पत्र में युवती निशा की ओर से स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाने और विजय के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने की बात कही गई है।
प्रेमी दंपति का कहना है कि उन्होंने किसी दबाव या भय में यह कदम नहीं उठाया है और दोनों अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। अब उनकी निगाहें पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। मामले में सुरक्षा को लेकर अधिकारियों से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की गई है।




