सीतापुर में तेज बारिश परिवार के लिए बनी आफत, दीवार के मलबे में दबा लड़का गंभीर घायल

खबर यूपी के सीतापुर जनपद से है जहां तेज बारिश एक परिवार के लिए आफत बन गई। रात के अंधेरे में अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सीतापुर में तेज बारिश परिवार के लिए बनी आफत, दीवार के मलबे में दबा लड़का गंभीर घायल
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। खबर यूपी के सीतापुर जनपद से है जहां तेज बारिश एक परिवार के लिए आफत बन गई। रात के अंधेरे में अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

मामला सदरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंगेठुआ के तुरनी गांव का है। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब दो बजे तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान रियाज अली के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।

दीवार गिरने से घर में सो रहा 13 वर्षीय मोहम्मद सलमान पुत्र रियाज अली मलबे के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने मलबे में दबे सलमान को बाहर निकाला। वहीं उसकी मां शबनम और दोनों बहनों शहनाज व मेनाज को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल किशोर को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

तेज बारिश के चलते हुए इस हादसे ने एक बार फिर कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल किशोर का इलाज जारी है और घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।