कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, गंगा बैराज के पास हुआ हादसा; दोनों पायलट की मौत

उप्र के कानपुर जनपद के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्था पुरवा में गुरुवार सुबह ट्रेनिंग के दौरान चार सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। हादसे में विमान सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।

कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, गंगा बैराज के पास हुआ हादसा; दोनों पायलट की मौत
Published By- Diwaker Mishra

कानपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर जनपद के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्था पुरवा में गुरुवार सुबह ट्रेनिंग के दौरान चार सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। हादसे में विमान सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान ने सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि विमान चार सीटर था और ट्रेनिंग उड़ान पर था।

उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान नत्था पुरवा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन पर गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

कर्नाटक और गुजरात के रहने वाले थे दोनों पायलट

हादसे में जान गंवाने वाले पायलटों की पहचान अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक और सुमित भाटिया निवासी गुजरात के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे के कारणों की चल रही जांच

विमान टेकनम कंपनी का बताया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। तकनीकी खराबी, मौसम अथवा अन्य कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना संबंधित विमानन अधिकारियों को भी दी गई है। दुर्घटना के बाद मौके पर पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने विमान के मलबे को सुरक्षित कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इटली की कंपनी का था एयरक्राफ्ट

गुजरात के रहने वाले सुमित भाटिया प्रशिक्षक थे, जिनके पास तीन हजार घंटे का प्रशिक्षण अनुभव था। कर्नाटक के रहने वाले अभिषेक फिलहाल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। यह एयरक्राफ्ट कानपुर में प्रशिक्षण देने वाली गर्ग एविशन का है। एयरक्राफ्ट इटली की कंपनी टेकनम का है, जो वर्ष 2023 से प्रशिक्षण के लिए कानपुर में काम कर रहा था।