अयोध्या: बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने किया व्यापक इंतजाम, चौबीसों घंटे की जा रही मॉनिटरिंग
उप्र के अयोध्या जनपद में मानसून सत्र शुरू होने से पहले जिला प्रशासन व बाढ़ खंड विभाग ने बाढ़ से निपटने के लिए किये व्यापक इंतेज़ाम और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मे बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में मानसून सत्र शुरू होने से पहले जिला प्रशासन व बाढ़ खंड विभाग ने बाढ़ से निपटने के लिए किये व्यापक इंतेज़ाम और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मे बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है।
वही जिला बाढ़ कार्यालय खंड के अधिशाषी अभियंता संजय कुमार सिंह ने बताया की जिले में वर्तमान में बाढ़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले में बाढ़ सुरक्षा से संबंधित 7 परियोजनाएं संचालित थीं, जिनमें से अधिकांश का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्यों को भी सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया गया है।
सरयू नदी के जलस्तर की निरंतर निगरानी हेतु नया घाट पर केंद्रीय जल आयोग (CWC) का गेज स्टेशन कार्यरत है। वहां से प्रत्येक दो-दो घंटे पर जलस्तर का डेटा एकत्र किया जाता है।
साथ ही, जिला प्रशासन द्वारा एक समर्पित व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसके माध्यम से चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति (जैसे अचानक बाढ़ या कटाव) से निपटने के लिए जिला प्रशासन के पास पर्याप्त मात्रा में रिजर्व स्टॉक मौजूद है।
संवेदनशील क्षेत्रों में कटाव की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई के लिए बंबू क्रेट और परक्यूपाइन का उपयोग कर बचाव कार्य किए जाने की तैयारी कर रखी है।
इस वर्ष बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए प्रथम बार आधुनिक तकनीकी मशीनरी और पीवीसी वायर क्रेट का उपयोग किया गया है। जिससे कार्यों की स्थिरता और स्थायित्व में वृद्धि होगी।
वही अधिशाषी अभियंता संजय कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि नदी का जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अपने पशुओं को नदी क्षेत्र में न भेजें और न ही स्वयं स्नान करें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या कटाव की सूचना तुरंत बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दें।
किसी भी आपातकालीन स्थिति की सूचना देने के लिए जिला प्रशासन के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।बाढ़ नियंत्रण कक्ष:05278-298051आपातकालीन हेल्पलाइन: 9470707972 जिला प्रशासन किसी भी संभावित जन-धन की हानि को रोकने के लिए सदैव तत्पर है।


