मुजफ्फरनगर में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार; पुलिस टीम को ₹20 हजार इनाम

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरनगर में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार; पुलिस टीम को ₹20 हजार इनाम
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम तावली रजवाहे के पास डेयरी के पीछे सुनसान स्थान पर अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।

पुलिस ने मौके से 12 बने और 4 अधबने अवैध हथियार बरामद किए। इनमें 315 बोर के तमंचे, डबल बैरल तमंचे, 12 बोर के हथियार, मस्कट और बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा 50 जिंदा कारतूस 315 बोर, 10 जिंदा कारतूस 12 बोर, 26 खोखे, बुलेट निब, हथियारों के पार्ट्स और निर्माण उपकरण भी बरामद किए गए। एक मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में ली गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अलग-अलग भूमिकाओं में हथियार और कारतूस तैयार करने तथा आसपास के क्षेत्रों में बेचने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के कुछ सदस्य हथियार बनाने, कुछ कारतूस तैयार करने और कुछ बिक्री का काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल्लू उर्फ इदरीश, कय्यूम, शाहनवाज, आविद, खालिद, अरशद और बाबू उर्फ इलियास के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना शाहपुर में मु0अ0सं0 273/2026, धारा 5/25/35 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुछ गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज रहे हैं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कार्रवाई करने वाली शाहपुर पुलिस टीम को ₹20 हजार के पुरस्कार से सम्मानित किया है।