फतेहपुर में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का भंडाफोड़, 24 सिलेंडर बरामद; खुली पाई गई सील
उप्र के फतेहपुर जिले के भिटौरा विकास खंड के लालीपुर गांव में पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का खुलासा किया है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जिले के भिटौरा विकास खंड के लालीपुर गांव में पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का खुलासा किया है।
कार्रवाई के दौरान एक घर से कुल 24 सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 6 भरे हुए और 18 खाली सिलेंडर शामिल हैं। सभी सिलेंडरों की सील खुली पाई गई।
पूर्ति निरीक्षकों की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर गांव निवासी मोनू पुत्र छेदीलाल के घर पर छापा मारा गया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि यहां गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी, लेकिन संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
जांच में यह मामला द्रवित पेट्रोलियम गैस विनियमन एवं वितरण आदेश 2000 का उल्लंघन पाया गया, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत दंडनीय अपराध है।
टीम ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर शास्त्री इंडेन गैस सर्विस को सुपुर्द कर दिया है। डीएम के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ थाना हुसैनगंज में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Janmat News 
