'वक्फ बोर्ड में राम मंदिर चढ़ावे से भी बड़ा हेरफेर', मौलाना रजवी ने जांच के लिए CM योगी को लिखा पत्र

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड और शिया वक्फ बोर्ड के कार्यकाल में अनियमितताओं और वक्फ संपत्तियों की बिक्री की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

'वक्फ बोर्ड में राम मंदिर चढ़ावे से भी बड़ा हेरफेर', मौलाना रजवी ने जांच के लिए CM योगी को लिखा पत्र
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड और शिया वक्फ बोर्ड के कार्यकाल में अनियमितताओं और वक्फ संपत्तियों की बिक्री की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक पत्र जारी किया। मौलाना ने कहा कि यह मामला राम मंदिर में चंदे की हेरफेर से भी बड़ा है। मौलाना ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं और वक्फ की जमीनों का गलत तरीके से उपयोग किया गया।

सीएम योगी को मौलाना ने लिखा पत्र

उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो बड़े स्तर पर तथ्य सामने आ सकते हैं और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों से होने वाली आय का उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद, यतीमों तथा शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों पर खर्च करना था, लेकिन ऐसा अपेक्षित स्तर पर नहीं हो सका।

मौलाना ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रेस वार्ता में हाजी नसीर अहमद नूरी, मुफ्ती फारुख मिस्बाही, हाजी नाजिम बेग, राहत हुसैन मुन्ना, काशिफ खान, डॉ. अनवर रजा कादरी और हाफिज रजी अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।