प्रतापगढ़ में छात्राओं ने एसपी समेत पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी, आत्मीयता एवं सुरक्षा के भाव का दिया संदेश
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं एवं अध्यापिकाओं ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधकर पर्व मनाया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं एवं अध्यापिकाओं ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधकर पर्व मनाया। इस दौरान पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं सुरक्षा के भाव का संदेश दिया गया।
संस्कार ग्लोबल स्कूल, बीएल सुधिता इंटरनेशनल स्कूल, एसडीए सेकेंडरी स्कूल एवं आत्रेय एकेडमी, प्रतापगढ़ की छात्राओं एवं अध्यापिकाओं ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय समेत अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों के प्रति स्नेह और विश्वास व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने छात्राओं को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पवित्र धागा विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। प्रतापगढ़ पुलिस जनपद की प्रत्येक बेटी और महिला की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द बढ़ाने के साथ ही सुरक्षित वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




