चंदौली: चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में गिरी महिला, लोको पायलट की सतर्कता से बची जान
उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। दून एक्सप्रेस में चढ़ने की जल्दबाजी में एक महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। दून एक्सप्रेस में चढ़ने की जल्दबाजी में एक महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन लोको पायलट की तत्परता और यात्रियों की सूझबूझ से महिला की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दून एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना होने लगी थी। ट्रेन के चलने के बाद करीब 56 वर्षीय एक महिला दौड़कर कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच बने गैप में गिर पड़ी।
महिला को गिरता देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में महिला को पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन चलने के बाद उसमें चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी लोको पायलट की सतर्कता की सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।


