लाइव डिबेट में निषाद नेता पर अभद्र टिप्पणी का मामला, अयोध्या में निषाद समाज का जोरदार प्रदर्शन

मछली-भात को लेकर हुई लाइव डिबेट के दौरान कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

लाइव डिबेट में निषाद नेता पर अभद्र टिप्पणी का मामला, अयोध्या में निषाद समाज का जोरदार प्रदर्शन
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। मछली-भात को लेकर हुई लाइव डिबेट के दौरान कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास पर निषाद समाज के कुंवर सिंह निषाद को लाइव शो के दौरान गाली देने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।

इस मामले को लेकर निषाद समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गुरुवार को निषाद समाज के लोगों ने सदर तहसील क्षेत्र स्थित तिकोनिया पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए कथित अभद्र टिप्पणी पर नाराजगी जताई और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

निषाद समाज की ओर से दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली मांग है कि महंत राजू दास सार्वजनिक रूप से निषाद समाज से माफी मांगें। वहीं दूसरी मांग है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के दौरान निषाद समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिले से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद, श्यामलाल निषाद, संरक्षक नानक शरण, अमरजीत निषाद, अनिल कुमार निषाद, रिंकू निषाद,रोहित प्रधान,पार्षद प्रतिनिधि अमर निषाद, डम्मी निषाद, सुनील निषाद, जसपाल निषाद, सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर निषाद समाज को न्याय दिलाने की मांग की।