औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/दिबियापुर/जनमत न्यूज। कस्बा दिबियापुर स्थित केएमसी मेडिकल सेंटर को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत योजना से जोड़ दिया गया है। इस योजना से जुड़ने के बाद अब क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को यहां पर मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इससे दिबियापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
केएमसी मेडिकल सेंटर के संचालक डॉ बृजेश यादव ने बताया कि अस्पताल में प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए अनुभवी और वरिष्ठ डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे। यहां सामान्य बीमारियों के साथ-साथ कई गंभीर रोगों का इलाज भी आधुनिक मशीनों और चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से किया जाएगा। इससे अब मरीजों को छोटे-छोटे उपचार के लिए कानपुर, इटावा, आगरा जैसे बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए अस्पताल के डायरेक्टर दीक्षित ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य जनपद और क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से जुड़ने के बाद आर्थिक रूप से कमजोर मरीज भी बिना पैसे की चिंता किए इलाज करा सकेंगे। अस्पताल प्रशासन की कोशिश है कि यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर सुविधा, सही उपचार और सम्मानजनक व्यवहार मिले।
इस अवसर पर अस्पताल में मौजूद प्रमुख चिकित्सकों में डॉ पूर्णिमा दीक्षित, डॉ अंकिता शर्मा, डॉ शैलेश कटियार, डॉ प्रदीप गुप्ता, डॉ नितिन, डॉ संगीत राजपूत तथा डॉ तवरेज आलम प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि दिबियापुर में आयुष्मान योजना से जुड़ा बड़ा अस्पताल होने से हजारों लोगों को सीधे लाभ मिलेगा और समय पर इलाज मिलने से गंभीर बीमारियों से भी बचाव संभव हो सकेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में इसे दिबियापुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।