सम्भल में घर में घुसकर लाखों की चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश
परिवार के सभी सदस्य रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर बदमाश घर की दीवार कूदकर अंदर घुस गए और कमरे में रखी अलमारी और सामान खंगाल डाला।
संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
सम्भल/जनमत न्यूज। जनपद सम्भल में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई है।
घटना जिला मुख्यालय बहजोई के बहजोई कोतवाली क्षेत्र स्थित चितौरा रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार परिवार के सभी सदस्य रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर बदमाश घर की दीवार कूदकर अंदर घुस गए और कमरे में रखी अलमारी और सामान खंगाल डाला।
बताया जा रहा है कि चोर घर से करीब एक लाख रुपये की नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग नीचे उतरे तो घर का सामान बिखरा हुआ देखकर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Janmat News 
