उरई: जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत, पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी का कार्य तेज

उप्र के उरई जनपद के इंदिरा नगर क्षेत्र में जलभराव की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और जलनिकासी के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

उरई: जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत, पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी का कार्य तेज
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के इंदिरा नगर क्षेत्र में जलभराव की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और जलनिकासी के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जलभराव के कारणों तथा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्र में शीघ्र जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में हुई भारी बारिश के कारण खेतों में बड़ी मात्रा में पानी एकत्र हो गया था। इंदिरा नगर के आसपास नई बस्ती विकसित होने के साथ कई स्थानों पर खेतों में आवास भी बने हुए हैं। खेतों का पानी उरई रजवाहे में पहुंचने से नहर का जलस्तर बढ़ गया और ओवरफ्लो की स्थिति बनी।

इसके चलते रजवाहे में लगभग पांच-छह स्थानों पर कटान होने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल नगर पालिका द्वारा पंपिंग सेट लगाए गए हैं और उरई रजवाहे के पानी को डायवर्ट कर जलनिकासी का कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंपिंग सेट के माध्यम से जलनिकासी का कार्य लगातार जारी रखते हुए प्रभावित क्षेत्र से जल्द से जल्द पानी निकाला जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया जा रहा है।

साथ ही उरई रजवाहे को पक्का किए जाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा, जिससे भविष्य में कटान की समस्या पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, सिचाई विभाग के अधिशासी अभियंता धर्म घोष, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।