कौशांबी: युवक ने जान देने की मंशा का वीडियो किया पोस्ट, पुलिस टीम की तत्परता से बची जान
उप्र के कौशांबी जनपद के एक युवक द्वारा जहर खाकर जान देने की मंशा जताने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से खलबली मच गई।
कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद के एक युवक द्वारा जहर खाकर जान देने की मंशा जताने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से खलबली मच गई। पुलिस मुख्यालय लखनऊ व मंझनपुर पुलिस टीम की तत्परता से समय रहते युवक की जान बचाई जा सकी।
प्राप्त समाचार के अनुसार एक युवक द्वारा ‘आज मेरा आखिरी दिन’… लिखकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने से हड़कंप मच गया। युवक ने जहर खाकर जान देने की मंशा जताई थी। यह पोस्ट तेजी से वायरल हुआ।
इस पोस्ट को लेकर मेटा कंपनी के अलर्ट से पुलिस मुख्यालय लखनऊ तुरंत सतर्क हो गया। पुलिस मुख्यालय लखनऊ ने सोशल मीडिया सेल कौशाम्बी को युवक की लोकेशन व मोबाइल नंबर शेयर किए। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मंझनपुर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई।
बिना देर किए पुलिस टीम युवक के घर पहुंची जिससे समय रहते उसकी जान बचाई जा सकी। संभावित बड़ी अनहोनी को टालते हुए पुलिस ने अहम जिम्मेदारी निभाई। मौके पर युवक की काउंसलिंग कर मानसिक रूप से उसे मजबूत किया गया।
इसके अलावा युवक को परिजनों को सुपुर्द करते हुए दोबारा ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी गई। मंझनपुर पुलिस की इस त्वरित व मानवीय कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

Janmat News 
