यूपी कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, फायरिंग में छात्र को लगी तीन गोलियां
कॉलेज परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैंपस में तोड़फोड़ भी की।
वाराणसी से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
वाराणसी/जनमत न्यूज। वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित यूपी कॉलेज परिसर में छात्रों के दो गुटों के बीच बुधवार को जमकर मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान एक छात्र को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कॉलेज परिसर में किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग की घटना भी हो गई, जिसमें एक छात्र को तीन गोलियां लगने की खबर है। गोली लगने से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैंपस में तोड़फोड़ भी की। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी बल भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Janmat News 
