पीडीडीयू नगर में देर रात चोरी, लॉकर तोड़कर 2 लाख के जेवर-नकदी पर हाथ साफ
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिल चुकी है और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम तेजी से जांच में जुटी हुई है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चन्दौली / जनमत न्यूज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में देर रात्रि चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और करीब 2 लाख रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता सुलोचना शर्मा जब घर पहुंचीं तो सब कुछ सामान्य था। कुछ देर बाद उन्होंने बच्चे को कॉपी लेने के लिए कमरे में भेजा। बच्चे ने देखा कि अलमारी का लॉकर टूटा हुआ है और सामान गायब है। इसके बाद परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो लॉकर खुला पड़ा था और कुछ सामान सीढ़ियों पर बिखरा हुआ था।
पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में दो जोड़ी कान के झुमके, एक मांग टीका, एक नथिया, 50 हजार रुपये नकद, पांच चांदी के सिक्के, एक कॉइन और एक लड़के का कड़ा शामिल है। कुल मिलाकर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिल चुकी है और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम तेजी से जांच में जुटी हुई है।

Janmat News 
