अयोध्या धाम में 30 नए आंगनवाड़ी केंद्रों का शुभारंभ, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के किया उद्घाटन
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या धाम के महात्मा गांधी वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में 15 वार्डों में नवनिर्मित 30 आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या धाम के महात्मा गांधी वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में 15 वार्डों में नवनिर्मित 30 आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें फल, मिष्ठान, चॉकलेट व टोपियां भेंट कीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत और योगाभ्यास की उन्होंने सराहना की।
इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता भी परखी।इस दौरान संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं देने का महत्वपूर्ण माध्यम है. सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित केंद्र भेजें।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा जब हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा-संस्कार और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। राज्यपाल के मार्गदर्शन से ही अयोध्या में इन केंद्रों का निर्माण संभव हुआ है।
उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम में कुल 70 आंगनबाड़ी केंद्र बनने हैं, जिनमें से 30 का आज उद्घाटन हुआ है। इन केंद्रों से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण व संस्कार और गर्भवती-धात्री महिलाओं को जरूरी सेवाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में निर्माण से जुड़ी लघु फिल्म दिखाई गई और वंदे मातरम् की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, नगर आयुक्त जयंत कुमार,अपर नगर आयुक्त व मुख्य चिकित्सा अधिकारी,पार्षद व अन्य सम्मनित लोग मौजूद रहे।




