हरदोई में 15 लाख की चोरी की कहानी निकली झूठी, गिरवी रखे जेवर वापस पाने के लिए रची साजिश

उप्र के हरदोई जनपद के संडीला में घर में घुसकर कैश और करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की सनसनीखेज सूचना जांच में पूरी तरह झूठी निकली।

हरदोई में 15 लाख की चोरी की कहानी निकली झूठी, गिरवी रखे जेवर वापस पाने के लिए रची साजिश
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के संडीला में घर में घुसकर कैश और करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की सनसनीखेज सूचना जांच में पूरी तरह झूठी निकली। पुलिस के मुताबिक, गिरवी रखे जेवर वापस पाने और कर्ज-ब्याज चुकाने से बचने के लिए चोरी की फर्जी कहानी गढ़ी गई थी।

पुलिस के अनुसार,12 अगस्त की सुबह करीब 4:15 बजे मोहल्ला निराला नगर निवासी नीलम पत्नी छेदीलाल (55) ने थाना संडीला पहुंचकर घर से आभूषण चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस को चोरी की घटना पर संदेह हुआ इसके बाद पुलिस ने नीलम और उनके पुत्र अमित को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में मां-बेटे ने स्वीकार किया कि घर में कोई चोरी नहीं हुई थी।

नीलम ने पुलिस को बताया कि घर के जेवर भरत ज्वैलर्स,अनूप ज्वैलर्स और अवधेश नारायण ज्वैलर्स के यहां गिरवी रखे गए हैं। आरोप है कि गिरवी रखे जेवर वापस हासिल करने के लिए चोरी की झूठी सूचना दी गई थी।

योजना थी कि चोरी की खबर सुनकर ज्वैलर्स भयभीत होकर गिरवी रखे जेवर वापस कर दें और जेवर के बदले लिए गए रुपये व ब्याज का भुगतान भी न करना पड़े। पुलिस ने चोरी की सूचना को असत्य और निराधार बताया है।

मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना को लेकर झूठी या भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह न करें,अन्यथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।