उप्र की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है लोक जनशक्ति पार्टी: लक्ष्य अहलावत

उप्र की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है लोक जनशक्ति पार्टी: लक्ष्य अहलावत
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होती नजर आ रही हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में युवा लोक जनशक्ति पार्टी ने भी चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान करते हुए बड़ा दावा किया है।

युवा लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्य अहलावत ने जनमत न्यूज के मुजफ्फरनगर जनपद के संवाददाता संजय कटारिया से खास बातचीत में कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं और इस बार बड़ी संख्या में पार्टी के विधायक विधानसभा पहुंचेंगे।

वहीं गठबंधन के सवाल पर लक्ष्य अहलावत ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की ओर से गठबंधन को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का जैसा आदेश होगा, पार्टी के कार्यकर्ता उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।

खास बातचीत के दौरान जब उनसे उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के कामकाज और सरकार के प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया देने से परहेज किया।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या युवा लोक जनशक्ति पार्टी वाकई उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरेगी? गठबंधन को लेकर पार्टी की रणनीति क्या होगी? और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी अपने संगठन को कितना मजबूत कर पाती है-यह आने वाला समय तय करेगा।