निचली गंगा नहर की खांदी कटी, खेतों में भरा पानी
हालात बिगड़ते देख सिंचाई विभाग ने तत्काल नहर का पानी बंद कर बहाव को रोकने का प्रयास किया। विभागीय कर्मचारी खांदी की मरम्मत में जुट गए हैं ताकि आगे और नुकसान न हो।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद में निचली गंगा नहर की खांदी कटने से इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक नहर का पानी तेज बहाव के साथ खेतों और गांव की ओर फैल गया, जिससे किसानों की कई बीघे फसल जलमग्न हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामला असोथर क्षेत्र के बैरहना गांव का है। बताया जा रहा है कि नहर की खांदी कटते ही पानी तेजी से आसपास के खेतों में घुस गया और देखते ही देखते गांव के किनारे तक पहुंच गया। अचानक आई इस स्थिति से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कई किसानों की खड़ी फसल पानी में डूब गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वहीं नगर पंचायत चेयरमैन ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि लगभग दो वर्षों से नहर की सिल्ट सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते यह घटना हुई है। उन्होंने विभागीय लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
हालात बिगड़ते देख सिंचाई विभाग ने तत्काल नहर का पानी बंद कर बहाव को रोकने का प्रयास किया। विभागीय कर्मचारी खांदी की मरम्मत में जुट गए हैं ताकि आगे और नुकसान न हो।
फिलहाल खेतों में भरे पानी से किसानों की फसल को भारी क्षति हुई है। ग्रामीणों में विभाग की कार्यशैली को लेकर आक्रोश व्याप्त है और मुआवजे की मांग उठने लगी है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


