बरसाना में लड्डूमार होली, 10 लाख श्रद्धालु उमड़े

होली उत्सव की शुरुआत फाग और होली के पारंपरिक गीतों के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया। महिलाओं और बच्चों ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर वातावरण को और भी रंगीन बना दिया।

बरसाना में लड्डूमार होली, 10 लाख श्रद्धालु उमड़े
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मथुरा से सैय्यद जाहिद की रिपोर्ट —

मथुरा/जनमत न्यूज। जनपद के बरसाना स्थित राधारानी मंदिर बरसाना में मंगलवार को पारंपरिक लड्डूमार होली का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महंतों ने मंदिर की छत पर बनी सफेद छतरी से श्रद्धालुओं पर लड्डू बरसाए, जिन्हें भक्तों ने प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया।

होली उत्सव की शुरुआत फाग और होली के पारंपरिक गीतों के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया। महिलाओं और बच्चों ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर वातावरण को और भी रंगीन बना दिया। आयोजन को देखने और इसमें भाग लेने के लिए करीब 10 लाख श्रद्धालु बरसाना पहुंचे, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी शामिल रहे।

दोपहर में बरसाना की सखियां दुल्हन की तरह सजी-धजी होकर नंदबाबा मंदिर नंदगांव पहुंचीं। वे सिर पर अबीर की मटकी और लड्डू लेकर गईं। वहां सखियों ने नृत्य और फाग गीतों के माध्यम से उत्सव का आनंद साझा किया तथा लड्डू लुटाकर नंदगांव में होली खेलने का निमंत्रण दिया।

लड्डूमार होली के लिए बरसाना, वृंदावन, गोवर्धन और नंदगांव सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में करीब 100 क्विंटल लड्डू तैयार किए गए थे। शगुन के विशेष लड्डू लाडलीजी मंदिर की रसोई में बनाए गए। रंगों के लिए टेसू के फूलों का प्रयोग किया गया, जिसके लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से लगभग एक हजार क्विंटल फूल मंगवाए गए थे।

पूरे ब्रज में भक्ति, रंग और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।