चलती ट्रक में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हाईवे पर मची अफरातफरी
ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने के कारण केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक हाईवे पर धू-धू कर जलने लगा।
मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —
मिर्जापुर/जनमत न्यूज। जनपद मिर्जापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 35 पर उस समय अफरातफरी मच गई जब चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना वाराणसी-ड्रमंडगंज हाईवे पर लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी ग्राम सभा के पास हुई।
बताया जा रहा है कि ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने के कारण केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक हाईवे पर धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि ट्रक पर लदा सामान काफी हद तक सुरक्षित बचा लिया गया।
ट्रक चालक के अनुसार वाहन में धान का बीज लदा हुआ था और ट्रक हैदराबाद से गोरखपुर की ओर जा रहा था। अचानक केबिन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि दमकल टीम की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

Janmat News 
