प्रतापगढ़ में मंदिर जा रहे युवक की हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी को भी दबोचा

पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया बदमाश विवेक पाण्डेय उर्फ ऋषिक पाण्डेय को दबोचा है, जबकि उसके साथी विपिन तिवारी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है।

प्रतापगढ़ में मंदिर जा रहे युवक की हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी को भी दबोचा
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व मंदिर दर्शन के लिए जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया बदमाश विवेक पाण्डेय उर्फ ऋषिक पाण्डेय को दबोचा है, जबकि उसके साथी विपिन तिवारी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ टीम ने पहले दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अंतू थाना पुलिस को सौंपा था। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी विवेक पाण्डेय ने हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा बरामद कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर बैजलपुर पुल के पास पहुंची।

इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को धक्का देकर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विवेक पाण्डेय के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के दौरान सह-आरोपी विपिन तिवारी को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि विवेक पाण्डेय पर हत्या सहित करीब सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विपिन तिवारी पर भी दो गंभीर मामले दर्ज हैं।

इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा पहले ही चार टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद यह सफलता मिली। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व ग्राम प्रधान के साथ मां संडवा चंडिका धाम जा रहे युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने हमला कर गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।