औरैया में रुक्मणि देवी निषाद का सरकार पर हमला, 2027 में सपा को जिताने की अपील

रुक्मणि देवी निषाद ने खुद को फूलन देवी की बहन बताते हुए कहा कि निषाद समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसे उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को अब जागरूक होकर अपने हक की लड़ाई लड़नी होगी।

औरैया में रुक्मणि देवी निषाद का सरकार पर हमला, 2027 में सपा को जिताने की अपील
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया में समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणि देवी निषाद ने एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने निषाद समाज के साथ वर्षों से अन्याय होने का आरोप लगाते हुए समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की।

अपने संबोधन में रुक्मणि देवी निषाद ने खुद को फूलन देवी की बहन बताते हुए कहा कि निषाद समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसे उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को अब जागरूक होकर अपने हक की लड़ाई लड़नी होगी।

उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान देते हुए लोगों से समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “साइकिल” का बटन दबाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है, तभी समाज को न्याय और अधिकार मिल सकेगा।

रुक्मणि देवी निषाद ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए बुलडोजर कार्रवाई, पुलिस अत्याचार और आरक्षण न देने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब और पिछड़े वर्गों को नुकसान हो रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री संजय निषाद पर भी हमला बोलते हुए परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्य सांसद और विधायक बन चुके हैं, लेकिन समाज के अन्य लोगों को अवसर नहीं मिल रहा है।

अंत में उन्होंने निषाद समाज से अपील की कि वे गद्दारों से सावधान रहें और एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए मतदान करें।