मैनपुरी: कंटेनर की भीषण टक्कर से पत्नी और दो बच्चों की मौत, पति गंभीर; दो किलोमीटर तक घिसटती रही बाइक
उप्र के मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में हाईवे पर गोगाजी मंदिर के निकट मंगलवार अलसुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उप्र के मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में हाईवे पर गोगाजी मंदिर के निकट मंगलवार अलसुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक कंटेनर में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई।
इस दौरान चिंगारी निकलने से बाइक और कंटेनर में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के कछपुरा, दीवानी के पीछे निवासी बॉबी पुत्र ऋषि कुमार (32) अपनी पत्नी सुमन (30), चार वर्षीय पुत्री प्रियांशी और करीब एक वर्षीय पुत्री को बाइक पर लेकर मैनपुरी की ओर जा रहे थे। बताया गया कि परिवार ननिहाल से अपने घर लौट रहा था।
मंगलवार अलसुबह गोगाजी मंदिर के निकट पीछे से आए कंटेनर संख्या 39 G 2500 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर में फंस गई और कंटेनर बाइक को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ चला गया। घर्षण के दौरान निकली चिंगारी से बाइक और कंटेनर में आग लग गई।
हादसे में सुमन, चार वर्षीय प्रियांशी और गोद में मौजूद करीब एक वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बॉबी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बॉबी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कंटेनर में लदा सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना फील्ड यूनिट को दी गई, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और बाइक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



