सहारनपुर: वोट चोरी के आरोपों पर सपा का हल्लाबोल, ममता चौधरी बोलीं- हमें अपंग बनाने की कोशिश

उप्र के सहारनपुर जनपद में समाजवादी पार्टी की ओर से वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

सहारनपुर: वोट चोरी के आरोपों पर सपा का हल्लाबोल, ममता चौधरी बोलीं- हमें अपंग बनाने की कोशिश
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में समाजवादी पार्टी की ओर से वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ममता चौधरी ने कहा कि “वोट चोरी का मुद्दा बड़ा ही संगीन है, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हम लोगों को निर्देश दिया है। आज हर जिले में इस मुद्दे के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी जा रही है।

ममता चौधरी ने कहा जो वोट चोरी हो रही है, उस पर लगाम लगे, चीफ इलेक्शन कमिश्नर को हटाया जाय क्योंकि सबसे ज्यादा गड़बड़ी वहीं पर हो रही है। अगर वोट ही हमारे पास नहीं होगा तो हम लड़ाई कैसे लड़ेंगे। एसआईआर के माध्यम से हर जगह वोट काटा गया है।

उन्होंने कहा मेरी विधानसभा रामपुर की बात करें जहां से मैं टिकट मांग रही हूं और चुनाव लडूंगी, तो यहां से लगभग 21-22 हजार वोट एसआईआर के माध्यम से काटे गए हैं। इस मुद्दे को लेकर हम लोगों ने आज कॉन्फ्रेंस बुलाई है।

उन्होंने कहा कि जो फर्जी वोट हैं उनके लिए हम कुछ नहीं कहना चाहेंगे लेकिन जो अनावश्यक वोट काटे जा रहे हैं, वह ना काटे जाएं। निष्पक्ष जांच हो और उन लोगों के वोट बरकरार रहें जो वहां पर लोग बने हुए हैं।

उनके भी वोट अगर आप काट रहे हैं तो यह देखिए तो सीधा-सीधा सत्ता का दुरुपयोग करने का काम कर रहे हैं, क्योंकि इनका यही मामला है कि इनका निर्वाचन आयोग इनका है। सुप्रीम कोर्ट इनकी है, सारी कोर्ट इनकी है, इनकी पास सारी ताकतें होते हुए भी ये लोग सभी जनता को त्रस्त करने का काम कर रहे हैं।

एक आम आदमी इतना परेशान हो गया इन लोगों को देखकर कि आप वोट जैसे हथियार को हम लोगों के सामने से काट करके हमें अपंग बनाने का काम कर रहे हैं। जो हम होने नहीं देंगे और समाजवादी पार्टी इसके लिए संघर्ष करेगी और जंतर-मंतर में भी जाने की जरूरत पड़ी तो हम जंतर-मंतर भी जाने का काम करेंगे।