मुजफ्फरनगर में ईडी का बड़ा एक्शन, आजाद समाज पार्टी के नेता शाहनवाज राणा के 9 ठिकानों पर छापे
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजाद समाज पार्टी के नेता एवं कारोबारी शाहनवाज राणा से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजाद समाज पार्टी के नेता एवं कारोबारी शाहनवाज राणा से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीमों ने मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत अलग-अलग स्थानों पर कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कारोबारी गतिविधियों और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी की टीमें दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से संबंधित जानकारी खंगाल रही हैं।
जांच का एक प्रमुख बिंदु कथित फर्जी बिलिंग और शेल कंपनियों के माध्यम से धन के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी इन कंपनियों के बीच हुए कथित फंड ट्रांसफर और उनसे जुड़े कारोबारी एवं राजनीतिक कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
एक साथ नौ ठिकानों पर हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई है। हालांकि, ईडी की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है और दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।







