सीतापुर में गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा, छज्जा गिरने से महिला की मौत; कई घायल
खबर उप्र के सीतापुर जनपद से है जहां शहर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश उत्सव के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। पंडाल के ऊपर बना धर्मशाला का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा।
सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। खबर उप्र के सीतापुर जनपद से है जहां शहर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश उत्सव के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। पंडाल के ऊपर बना धर्मशाला का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा।
हादसे के वक्त पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। छज्जे के मलबे की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते गणेश उत्सव का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
मृतका की पहचान विजय लक्ष्मी नगर निवासी 58 वर्षीय उमा कपूर, पत्नी शम्मी कपूर के रूप में हुई है। वहीं घायल लोगों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों में से कुछ को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और सदर एसडीएम समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य कराया गया।
फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। आखिर जर्जर छज्जा अचानक कैसे गिरा और हादसे के वक्त सुरक्षा के क्या इंतजाम थे-इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आएंगे।



