सहारनपुर में स्मैक किंगपिन के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार; 6 करोड़ की स्मैक बरामद

उप्र के सहारनपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने स्मैक किंगपिन के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

सहारनपुर में स्मैक किंगपिन के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार; 6 करोड़ की स्मैक बरामद
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने स्मैक किंगपिन के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

थाना जनकपुरी एवं मंडी पुलिस के साथ एंटी नारकोटिक्स सेल, सर्विलांस, स्वॉट और एसओजी की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 52 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 10 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने 300 रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से की गई।

जनकपुरी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए साकिर पुत्र महमूद उर्फ भूरा, निवासी तकिया खानआलमपुरा, को मैग्नेट होटल के पास रजवाहे की पटरी से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 किलो 24 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ सहारनपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का फोकस केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसे जड़ से खत्म करने पर है।