चंदौली में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, 6–7 लोग घायल
एक पक्ष के कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चंदौली / जनमत न्यूज। जनपद चंदौली के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनौली खुर्द गांव में दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में दोनों पक्षों के करीब 6 से 7 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
मारपीट की घटना के दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की दोबारा अप्रिय घटना न हो।

Janmat News 
