बलरामपुर में मामूली कहासुनी के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

बलरामपुर में मामूली कहासुनी के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। जनपद बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के कलंदरपुर गांव में मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, कलंदरपुर गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमलावर ने युवक की पीठ और गर्दन पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चोट लग गई। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान उसकी उंगली में चोट आई है।

घटना के बाद परिजनों और गांव के लोगों ने घायल युवक को तुरंत जिला मेमोरियल अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य बनी हुई है।