हाथरस के सिकंदराराऊ में भीषण सड़क हादसा, कार पलटने से तीन की मौत; चार घायल
उप्र के हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के अलीगढ़-एटा हाईवे पर उमरावपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के अलीगढ़-एटा हाईवे पर उमरावपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नोएडा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार अचानक पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र निवासी राजीव पाल (30), उनकी पत्नी गोल्डी (28), ढाई वर्षीय पुत्र नक्ष और माया (40) घायल हुए हैं। वहीं हादसे में हरदोई जिले के बालामऊ थाना क्षेत्र निवासी रामजी (26), गंज मुरादाबाद के आलापुर कोट थाना क्षेत्र निवासी अवधेश (35) और जगतपाल (50) की मौके पर ही मौत हो गई।
सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में ढाई साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए घायलों की हालत पर चिकित्सकों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस के जिला बागला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।







