रामपुर के शाहबाद में मिलावटी दूध के कारोबार का भंडाफोड़, 350 लीटर दूध बरामद; तीन लोग गिरफ्तार

दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन की सख्ती के बीच उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद में नकली दूध बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है।

रामपुर के शाहबाद में मिलावटी दूध के कारोबार का भंडाफोड़, 350 लीटर दूध बरामद; तीन लोग गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट 

रामपुर/जनमत न्यूज़। दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन की सख्ती के बीच उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद में नकली दूध बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है।

बुधवार को एसडीएम आदेश कुमार और सीओ देवकीनंदन ने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कस्बे के कंस मेला स्थित जयतौली मार्ग पर आम के एक बाग में छापा मारकर करीब 350 लीटर मिलावटी दूध बरामद किया। मौके से तीन लोगों को पकड़ा गया है।

एसडीएम आदेश कुमार ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर पटाखों की दुकानों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वह सीओ के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान आम के बाग में संदिग्ध अवस्था में दूध के केन और एक वाहन खड़ा दिखाई दिया।

संदेह होने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो विभिन्न केनों में दूध भरा मिला। प्राथमिक जांच में पता चला कि पानी और मिल्क पाउडर मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा था।

इसी दूध से नकली खोया बनाने का काम भी किया जा रहा था। एसडीएम और सीओ की संयुक्त कार्रवाई में खाद्य विभाग ने नमूने लिए और गड्ढा खुदवाकर नकली दूध नष्ट कराया गया।