मथुरा: वृंदावन में बड़ा हादसा, टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए 4 छात्र; मौत

उप्र के मथुरा जनपद के वृंदावन से इस वक्त बेहद दुखद खबर सामने आई है। वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

मथुरा: वृंदावन में बड़ा हादसा, टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए 4 छात्र; मौत
Published By- Diwaker Mishra

मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट

मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के वृंदावन से इस वक्त बेहद दुखद खबर सामने आई है। वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे छात्र पानी के टैंक की सफाई कर रहे थे। सफाई के लिए एक छात्र टैंक में उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए एक के बाद एक अन्य छात्र भी टैंक में उतरते चले गए। जहरीली गैस की चपेट में आने से पांच छात्र बेहोश हो गए।

पुलिस और राहत टीम ने सभी छात्रों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनु कटारे, देवांश, विशु और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रुद्राक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम चंद्र प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और गुरुकुल के लोगों से घटना की जानकारी ली।

डीएम के मुताबिक करीब 12 फीट गहरे पानी के सबमर्सिबल टैंक में बदबू आने के बाद उसकी सफाई की जा रही थी। प्रथम दृष्टया जहरीली गैस के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है कि टैंक में जहरीली गैस कैसे बनी और सफाई के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। वृंदावन के गुरुकुल में चार छात्रों की मौत से हड़कंप मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।