शाहजहांपुर: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का किया भ्रमण, वाचनालय और अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को शाहजहांपुर स्थित स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का भ्रमण किया।

शाहजहांपुर: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का किया भ्रमण, वाचनालय और अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट 

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को शाहजहांपुर स्थित स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के वाचनालय एवं अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण किया। साथ ही विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं शिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की।

राज्यपाल का विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, वित्त अधिकारी अर्चना त्रिपाठी और कुलसचिव वीके मौर्य ने स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल ने ब्रह्मलीन स्वामी शुकदेवानंद जी के मंदिर में पूजन-अर्चन कर पुष्पांजलि अर्पित की।

विश्वविद्यालय को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के संचालन में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्ययोजना अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को आत्मनिर्भर एवं आदर्श संस्थान बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य करना चाहिए।

परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों को उनकी उत्तरपुस्तिकाओं और परीक्षा परिणामों के आधार पर कमियों से अवगत कराया जाए। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाए और उनके अभिभावकों से भी संवाद किया जाए।

उन्होंने विश्वविद्यालय में शिक्षकों, विद्यार्थियों और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए नैक मूल्यांकन की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए।

दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के निर्देश

परिसर भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में रखी दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन किया। उन्होंने इनके संरक्षण के साथ पुस्तकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने, ई-बुक्स, ई-जर्नल्स और कंप्यूटर सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के वाचनालय एवं अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण किया।

विज्ञान प्रयोगशालाओं के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), स्पेस टेक्नोलॉजी तथा आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में शोध और करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति अनिवार्य

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि उसे व्यावहारिक जीवन में उतारना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों की कक्षाओं में नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए।

उन्होंने नशामुक्ति अभियान को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष की ऊंचाइयों और समुद्र की गहराइयों तक पहुंचकर शोध करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख और आत्मनिर्भर बनाना होना चाहिए।

राज्यपाल ने छात्राओं की अच्छी उपस्थिति की सराहना करते हुए कहा कि आज छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिश्रम कर रही हैं। उन्होंने सभी से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुआ। श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। कक्षा 11 की छात्राओं ने गुजराती गरबा और कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कुलपति ने राज्यपाल को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सुधीर एम. बोबडे ने भी विद्यार्थियों को डिजिटलाइजेशन के दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नए तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

तीन पुस्तकों का हुआ विमोचन

राज्यपाल की उपस्थिति में कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह एवं डॉ. प्रवेंद्र दीक्षित द्वारा लिखित पुस्तक 'मार्केटिंग रिसर्च', डॉ. जेएस ओझा की पुस्तक 'हिंदू लॉ' तथा डॉ. जेएस ओझा, डॉ. अनिल कुमार एवं डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की पुस्तक 'न्यू क्रिमिनल लॉ रेजीम एंड ह्यूमन राइट्स इन इंडिया' का विमोचन किया गया।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधारोपण

विश्वविद्यालय परिसर में राज्यपाल ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, एनसीसी अधिकारी डॉ. आलोक सिंह और एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर कुलपति ने राज्यपाल को उनके सुझावों पर अमल करने का आश्वासन देते हुए आभार व्यक्त किया। इसके बाद राज्यपाल ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती से औपचारिक भेंट की और हेलीपैड के लिए रवाना हो गईं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।