संभल में आवारा कुत्तों का आतंक, मासूम बच्ची पर किया हमला; चेहरे व गर्दन पर आईं गंभीर चोटें
उप्र के संभल में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हयातनगर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी तीन साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हयातनगर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी तीन साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची के चेहरे, गर्दन, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पूरा मामला उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के थाना हयातनगर क्षेत्र के सराय तरीन स्थित मोहल्ला मंगलपुरा का है।बताया जा रहा है कि 9 जुलाई की शाम करीब 5 बजे हैंडीक्राफ्ट कारोबारी गुलेशाद की तीन वर्षीय बेटी मायीशा अपने घर के गेट के बाहर खड़ी थी।
तभी आवारा कुत्तों का एक झुंड वहां पहुंच गया। झुंड में शामिल एक कुत्ते ने बच्ची पर अचानक झपट्टा मार दिया और उसे सड़क पर गिरा दिया।इसके बाद करीब आधा दर्जन अन्य कुत्ते भी वहां पहुंच गए और बच्ची को नोचने लगे।
हमले में बच्ची के चेहरे, गर्दन, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पास की दुकान पर बैठे एक बुजुर्ग दुकानदार ने तुरंत डंडा लेकर कुत्तों को दौड़ाया।
बुजुर्ग को आता देख सभी कुत्ते मौके से भाग निकले, जिससे बच्ची की जान बच गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल बच्ची को तुरंत संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया।
परिजनों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे बच्चों को घर से बाहर खेलने भेजना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आवारा कुत्तों का झुंड घर के बाहर खड़ी मासूम बच्ची पर हमला कर देता है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


