बलिया में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज, डीएम ने दिलाई शपथ; जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
उप्र के बलिया जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया।
बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट
बलिया/जनमत न्यूज़। उप्र के बलिया जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया।
जिला अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय एवं कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष चौधरी ने अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई गई तथा जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने बताया कि अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार समेत अन्य संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान और समय पर उपचार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
वेक्टर बॉर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, जेई, एईएस, आईएलआई (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस), फाइलेरिया, कालाजार, कुष्ठ रोग सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बुखार के मरीजों, आईएलआई रोगियों, क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों, फाइलेरिया,कालाजार, कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों तथा कुपोषित बच्चों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। साथ ही जिन घरों में मच्छरों के प्रजनन की स्थिति मिलेगी, उनका भी सर्वे कर जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई सहित विभिन्न विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे। स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नोडल विभाग रहेगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा विभिन्न सहयोगी विभागों के प्रतिनिधि तथा सी-फार और पाथ संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


