हरदोई में निर्माणाधीन पुल की बीम टूटने से हादसा, दो मजदूर घायल; मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी
उप्र के हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सैदपुर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ निर्माणाधीन पुल की बीम अचानक टूटकर गिर गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सैदपुर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ निर्माणाधीन पुल की बीम अचानक टूटकर गिर गई। इस दुर्घटना में वहाँ काम कर रहे 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बीम गिरते ही निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया और अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई। हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम अनुनय झा एसपी अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और जानकारी ली है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।डीएम ने बताया कि दो मजदूर घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुल निर्माण का काम सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान एक बीम हाइड्रा के माध्यम से रखी जा रही थी जो भारी-भरकम थी अचानक बीम का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। नीचे काम कर रहे 2 मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के फौरन बाद स्थानीय नागरिकों और साथी मजदूरों ने मलबे से घायलों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों में मजदूर के नाम राहुल पुत्र छोटेलाल निवासी सिधौली शाहजहांपुर व दूसरा राजेश्वर पुत्र गेंदालाल निवासी भदासी जिला हरदोई है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा प्रशासनिक अमले के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और राहत कार्यों का जायजा लिया।शुरुआती जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जिला प्रशासन का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के असली कारणों का पता चल सकेगा। उधर, स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


