संभल में मेले से बच्चे के अपहरण का खुलासा, छह गिरफ्तार; बालक सकुशल बरामद
उप्र के संभल जनपद के असमोली थाना पुलिस ने ओबरी मेले से चार वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के असमोली थाना पुलिस ने ओबरी मेले से चार वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बच्चे को दिल्ली में 2.40 लाख रुपये में बेच दिया था।
संभल में पुलिस ने 14 अगस्त को मन्नोटा चौधरपुर रोड से निबोला की ओर जाने वाली सड़क पर कार्रवाई करते हुए फरीद, फैसल, शमशाद, कोमल, वन्दना जैन और गुड्डी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बच्चों को मेले से उठाकर बेचने की योजना का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 9 अगस्त को भी एक अन्य बच्चे को मेले से उठाया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उसे मेले के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और जेजे एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।




