औरैया: क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार, 14 महंगे मोबाइल बरामद

उप्र के औरैया जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

औरैया: क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार, 14 महंगे मोबाइल बरामद
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने क्रेडिट कार्ड को एक्टिव करने और उसकी लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। 

आरोपी के कब्जे से 14 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये) और 1100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक औरैया के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी बिधूना/साइबर के पर्यवेक्षण में की गई।

क्या है पूरा मामला

पीड़ित कासिम बेग निवासी खानपुर, थाना कोतवाली औरैया ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने बैंक कर्मचारी बनकर उन्हें व्हाट्सएप पर लिंक और APK फाइल भेजी। आरोपी ने नए क्रेडिट कार्ड को एक्टिव करने और पासवर्ड बनाने का झांसा देकर उनके मोबाइल को हैक कर लिया और उनके क्रेडिट कार्ड से 46,997 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली।

इस मामले में साइबर थाना में मुकदमा संख्या 12/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) में केस दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी और बरामदगी

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को अमरदीप ढाबा से करीब 100 मीटर पहले गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कमल कुमार (23 वर्ष), निवासी जिला दुमका, झारखंड के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बैंक कर्मचारी बनकर लोगों को फंसाता था और व्हाट्सएप के जरिए लिंक व APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल को हैक कर लेता था।

इसके बाद वह OTP और कार्ड डिटेल्स हासिल कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से महंगे सामान, गिफ्ट वाउचर और मोबाइल खरीदता था, जिन्हें बाद में सस्ते दामों पर बेच देता था। बरामद मोबाइल फोन भी इसी ठगी के पैसों से खरीदे गए थे, जिनमें 4 आईफोन 16 प्रो मैक्स सहित अन्य महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।

आपराधिक इतिहास

आरोपी के खिलाफ पहले भी झारखंड के दुमका जिले में साइबर अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

जनता से अपील

औरैया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि-

किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करें

अपना OTP, बैंक पिन, क्रेडिट कार्ड डिटेल्स किसी से साझा न करें

किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर दें

पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।