22 साल पुराने अवैध कब्जे पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, शौचालय खाली कराकर सामान जब्त
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की संपत्तियां जनता की सुविधा के लिए होती हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। शहर में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम अलीगढ़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड संख्या 27 के सामनापाड़ा क्षेत्र में 22 वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को हटवा दिया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर स्वयं मौके पर पहुंचे प्रेम प्रकाश मीणा ने निरीक्षण के दौरान नगर निगम के सार्वजनिक शौचालय पर अवैध कब्जा पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में सामने आया कि प्रशान्त बाल्मीकि नामक व्यक्ति द्वारा नगर निगम के सार्वजनिक शौचालय परिसर पर अवैध कब्जा कर उसे निजी उपयोग में लिया जा रहा था। शौचालय के कमरों में घरेलू सामान रखा गया था और परिसर को गोदाम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर कई मोटरसाइकिल, साइकिल, पलंग, सोफा सेट, प्लास्टिक कुर्सियां, लकड़ी तथा अन्य सामग्री रखी मिली।
नगर आयुक्त के निर्देश पर कर्मचारियों ने अवैध रूप से बंद किए गए शौचालय के कमरे का ताला तुड़वाया और वहां रखे सभी सामान को जब्त कर नगर निगम के कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 से 6 मोटरसाइकिल, साइकिल, पलंग, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वीर सिंह को निर्देश दिए कि अवैध कब्जा करने वाले प्रशान्त बाल्मीकि और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ नगर निगम अधिनियम 1959 की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाए।
स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया। उन्होंने घोषणा की कि शौचालय के स्थान पर भविष्य में गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए सामुदायिक बारात घर का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिल सके।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की संपत्तियां जनता की सुविधा के लिए होती हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सामनापाड़ा में की गई यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि ऐसे मामलों में नगर निगम जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा।
कार्रवाई के बाद सामनापाड़ा क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखी गई। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा हो रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Janmat News 
