मुजफ्फरनगर: इलाहाबाद HC के आदेश पर होगी ग्राम प्रधान की जांच, पारदर्शिता बनाए रखने हेतु पुलिस बल की मांग
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाली जांच को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाली जांच को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम निर्माणा के ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में चल रहे एक प्रकरण के क्रम में ग्राम प्रधान व सचिव के कार्यकाल की जांच के आदेश दिए गए हैं।
इस संबंध में ग्राम पंचायत कार्यालय पर 10 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे जांच प्रस्तावित है, जिसमें संबंधित ग्राम विकास अधिकारी व प्रधान को समस्त रिकॉर्ड सहित उपस्थित होना है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी द्वारा जांच को प्रभावित करने की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि मौके पर झगड़ा या विवाद की स्थिति उत्पन्न कर जांच को बाधित करने की कोशिश की जा सकती है।
इसी को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच के दौरान ग्राम पंचायत कार्यालय पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। साथ ही पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराने की भी मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में नहीं हुई, तो सच्चाई सामने आना मुश्किल हो जाएगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है।

Janmat News 
