फतेहपुर में बीच सड़क पर युवती से जबरदस्ती मामले का आरोपी गिरफ्तार, वीडियो हुआ था वायरल
उप्र के फतेहपुर जनपद में बीच सड़क एक लड़की को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में बीच सड़क एक लड़की को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन सैयद उर्फ जॉर्डन को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक बीच सड़क पर लड़की को खींचकर अपने साथ ले जाने का दबाव बना रहा था और खुद को उसका बॉयफ्रेंड बताकर अभद्रता कर रहा था। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दारोगा गुलाब सिंह की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर के पास का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
