मुजफ्फरनगर: कड़कड़ाती ठंड में मानवता की मिसाल, हिंदू महासभा जन कल्याण ट्रस्ट ने बांटे गर्म कपड़े

उप्र के मुजफ्फरनगर में कड़कड़ाती ठंड के बीच हिंदू महासभा जन कल्याण ट्रस्ट द्वारा मानव सेवा की मिसाल पेश की गई।

मुजफ्फरनगर: कड़कड़ाती ठंड में मानवता की मिसाल, हिंदू महासभा जन कल्याण ट्रस्ट ने बांटे गर्म कपड़े
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर में कड़कड़ाती ठंड के बीच हिंदू महासभा जन कल्याण ट्रस्ट द्वारा मानव सेवा की मिसाल पेश की गई। ट्रस्ट की टीम ने शहर के वृद्ध आश्रम, शिव चौक, भोपा फ्लावर, सभी रैन बसेरों, भोपा रोड रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए। इस दौरान जरूरतमंदों को गर्म चाय एवं नाश्ता भी कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहर के वृद्ध आश्रम से हुई, जहां ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बुजुर्ग महिलाओं से आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें गर्म जुराबें, बनियान, टोपी एवं शॉल भेंट किए।

इसके पश्चात शिव चौक सहित शहर के हृदय स्थलों पर राहगीरों, कर्मचारियों एवं जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए। इसके बाद टीम ने सभी रैन बसेरों में जाकर ठंड से बचाव हेतु गर्म कपड़े और गरमागरम चाय का वितरण किया। भोपा रोड रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर भी यह सेवा अभियान लगातार चलता रहा।

इस अवसर पर ट्रस्ट का स्थापना दिवस भी धूमधाम से मनाया गया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि शीत लहर को देखते हुए आगे भी शहर में गर्म जुराबें, बनियान, टोपी एवं गरम चाय का वितरण लगातार जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों में अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, कोषाध्यक्ष साक्षी वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एम.एस. ताजवर, एडवोकेट बृजभूषण शर्मा, मोहित त्यागी, श्रेया सिंह, सावन प्रजापति, सोना सिंह, अमित पहलवान सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस मौके पर ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने कहा कि आज ट्रस्ट को पूरे 6 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इन वर्षों में ट्रस्ट द्वारा सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का एकमात्र उद्देश्य समाज का उत्थान करना और बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है। भविष्य में भी मानव सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।