संभल में संदिग्ध हालात में अज्ञात शव बरामद, चेहरे पर चोट के निशान, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
संभल / जनमत न्यूज। जनपद संभल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह मामला जुनावई थाना क्षेत्र के पूरनपट्टी गांव के जंगल का है, जहां ग्रामीणों ने जंगल में शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के हाथ पर “सनी” और “नेहा” नाम लिखे होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस पहचान से जोड़कर जांच का अहम बिंदु मान रही है। शव की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक बैग तथा गांजे की पुड़िया भी बरामद होने की सूचना है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। टीम आसपास के क्षेत्र की गहन जांच कर हर पहलू से साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Janmat News 
