होली से पहले अयोध्या को 20 नई इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा

शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में 20 नई इलेक्ट्रिक बसें अवध बस स्टेशन अयोध्या धाम पहुंच चुकी हैं। इन बसों का संचालन होली से ठीक पहले शुरू कर दिया जाएगा,

होली से पहले अयोध्या को 20 नई इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —

अयोध्या/जनमत न्यूज। रामनगरी अयोध्या को प्रदेश सरकार की ओर से एक और बड़ा उपहार मिला है। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में 20 नई इलेक्ट्रिक बसें अवध बस स्टेशन अयोध्या धाम पहुंच चुकी हैं। इन बसों का संचालन होली से ठीक पहले शुरू कर दिया जाएगा, जिससे त्योहार पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का लाभ मिल सकेगा।

अवध बस स्टेशन अयोध्या धाम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि सभी 20 इलेक्ट्रिक बसें प्राप्त हो चुकी हैं। इन बसों का संचालन अयोध्या से प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ के प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। प्रत्येक रूट पर पांच-पांच बसें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक सेवा मिल सके।

ये सभी बसें 51 सीटों वाली वातानुकूलित (एसी) हैं और इनका किराया जनरथ बसों के समान रखा गया है, जिससे यह सेवा आम यात्रियों के लिए किफायती भी रहेगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल यात्रियों को आरामदायक यात्रा मिलेगी, बल्कि शहर में प्रदूषण स्तर में भी कमी आएगी।

होली के मद्देनजर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अयोध्या मंडल के चार जिलों—अमेठी, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर और अयोध्या—के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (एआरएम) की निगरानी में संचालन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह के नेतृत्व में अयोध्या के विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो रामनगरी की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण हितैषी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।